मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान : प्रांतीय रक्षक दल जवानों के मानदेय में होगी बढ़ोतरी
32 से बढ़ाकर 50 की जाएंगी खेल प्रतियोगिताएं

हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब
देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने जवानों के मानदेय में वृद्धि किए जाने का ऐलान किया। इसके लिए जल्द ही बैठक आयोजित कर मानदेय बढ़ाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के दौरान की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों और पीआरडी जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र के समीप खाली भूमि युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित की जाएगी। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।
खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत विभिन्न स्तरों पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा की। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा।
विधानसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार 500 से बढ़ाकर 700 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 400 से बढ़ाकर 500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये किया जाएगा। वहीं, संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम पुरस्कार 800 से बढ़ाकर 1000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 600 से बढ़ाकर 800 रुपये और तृतीय पुरस्कार 400 से बढ़ाकर 600 रुपये किया जाएगा।
राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1500 से बढ़ाकर 2000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1000 से बढ़ाकर 1500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 700 से बढ़ाकर 1000 रुपये करने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री कप की राशि 10 लाख रुपये होगी
सीएम धामी ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत ओवरऑल विजेता जिले को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस प्रतियोगिता के तहत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इसमें पारंपरिक खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। साथ ही चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।
सरदार पटेल को किया नमन
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार दिया। विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।



