उत्तराखण्ड

‘एसआईआर के नाम पर हो रही वोटों की डकैती’

कांग्रेस ने चुनाव आयोग को घेरा
अजय कुमार लल्लू का आरोप- मताधिकार छीनने की हो रही कोशिश

देहरादून। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं ‘वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान’ के देहरादून पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के अधिकारों से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने इसे ‘वोटों की डकैती’ करार देते हुए कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस अब इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी आंदोलन तेज करेगी। एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में उत्तराखंड से 10 हजार और उत्तर प्रदेश से 25 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।
कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत में लल्लू ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद और नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से इस अधिकार के प्रभावित होने की आशंका पैदा हो रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से सात अगस्त 2025 को बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा क्षेत्र में 1.25 लाख संदिग्ध मतदाताओं का मामला उठाए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की पारदर्शिता सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।
लल्लू ने बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में बीएलओ के अधिकार सीमित किए जा रहे हैं और फैसले लेने की व्यवस्था में पारदर्शिता का अभाव है। उन्होंने चुनाव के समय पूरक मतदाता सूचियां जारी होने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची में किसी भी बदलाव की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 13.40 करोड़, पश्चिम बंगाल में 91 लाख और उत्तराखंड में करीब आठ लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इन आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने चुनाव आयोग से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
लल्लू ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली में होने वाला प्रदर्शन मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस के अभियान का अहम हिस्सा होगा। उन्होंने विपक्षी दलों के एकजुट होकर प्रदर्शन में शामिल होने की उम्मीद जताई। पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, डॉ. प्रतिमा सिंह और मोहित उनियाल सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button