गुरुकुल कांगड़ी में विजयादशमी क्रीड़ा प्रतियोगिताएं शुरू

दयानंद व गुरुदत्त सदन का रहा दबदबा
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय, हरिद्वार में विजयादशमी पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पारंपरिक अंतर-सदनीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का हर्षोल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। गुरुकुल की स्थापना वर्ष 1902 से ही प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में चार सदनों स्वामी श्रद्धानंद सदन, आचार्य रामदेव सदन, स्वामी दयानंद सदन और गुरुदत्त विद्यार्थी सदन के विद्यार्थी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिताओं के पहले दिन दौड़, गोला फेंक, कबड्डी और वॉलीबाल सहित विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई मुकाबलों में दयानंद और गुरुदत्त सदन के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बहादराबाद के खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने प्रतियोगिताओं का महत्व बताते हुए कहा कि गुरुकुल कांगड़ी की क्रीड़ा प्रतियोगिताएं ऐतिहासिक परंपरा का हिस्सा हैं। यहां आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। विद्यार्थियों के बीच खेल भावना, आपसी प्रेम और सौहार्द देखकर अच्छा लगा। उन्होंने प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन और आयोजकों को बधाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गुरुकुल के मुख्याधिष्ठाता डॉ. दीनानाथ शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, सहयोग, परस्पर प्रेम और सौहार्द की भावना भी विकसित करते हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करती हैं और उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
गुरुकुल के प्रधानाचार्य डॉ. विजेंद्र शास्त्री ने बताया कि प्रतियोगिताओं के अंतर्गत 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर और 1600 मीटर दौड़, गोला फेंक, कबड्डी, वॉलीबाल और क्रिकेट सहित विभिन्न खेल आयोजित किए जाएंगे। चारों सदनों के विद्यार्थी इन स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के पहले दिन 400 मीटर दौड़ के सीनियर वर्ग में दयानंद सदन के जयकिशन ने प्रथम, इसी सदन के रुद्र प्रताप गौड़ ने द्वितीय तथा गुरुदत्त सदन के मानव मंडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ के जूनियर वर्ग में दयानंद सदन के मयंक त्यागी प्रथम, आचार्य रामदेव सदन के दक्ष पाल द्वितीय तथा श्रद्धानंद सदन के आरव सैनी तृतीय स्थान पर रहे।
गोला फेंक प्रतियोगिता में दयानंद सदन के शिवा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आचार्य रामदेव सदन के अरुण मौर्य द्वितीय और दयानंद सदन के पंकज तृतीय स्थान पर रहे। कबड्डी के जूनियर वर्ग में गुरुदत्त सदन ने प्रथम तथा रामदेव सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में दयानंद सदन विजेता और श्रद्धानंद सदन उपविजेता रहा।
वहीं, सीनियर वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता में गुरुदत्त सदन ने प्रथम और श्रद्धानंद सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ के सब-जूनियर वर्ग तथा जूनियर वर्ग में गुरुदत्त सदन ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि दोनों वर्गों में श्रद्धानंद सदन दूसरे स्थान पर रहा।
प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण बना हुआ है। आगामी स्पर्धाओं में चारों सदनों के बीच रोमांचक मुकाबले होने की उम्मीद है। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना है।



