उत्तराखण्ड

सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर

बाल विकास परियोजना अधिकारी सुलेखा सहगल ने किया शुभारंभ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
गोद भराई के साथ पीएम मातृ वंदना और नंदा गौरा योजना के लिए लाभार्थियों का पंजीकरण
बहादराबाद /हरिद्वार (बी बी चंदेला )l सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं और बच्चों तक पहुंचाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका मजबूत करने के उद्देश्य से ग्राम गढ़ में आंगन मिलन समारोह आयोजित किया गया। बाल विकास परियोजना बहादराबाद प्रथम में आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं और अन्य लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी सुलेखा सहगल ने फीता काटकर किया। समारोह में क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने भाग लिया। इस दौरान लाभार्थियों को आमंत्रित कर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी कराई गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और नंदा गौरा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुलेखा सहगल ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों तक पहुंचेगा। उन्होंने अधीनस्थ क्षेत्रीय पर्यवेक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी से काम करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी महिला या बच्चे को विभागीय सेवाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
प्रभारी पर्यवेक्षक शीतल रानी और संजोग लता ने भी कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक किया तथा योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
आंगनबाड़ी मामता देवी ने कहा कि समारोह के माध्यम से सरकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी बनाने, पात्र लाभार्थियों की पहचान करने और महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़ी सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button