उत्तराखण्ड

रुद्रनाथ ट्रैक रूट पर वन्यजीव सप्ताह के तहत जागरूकता रैली

प्लास्टिक कचरा भी किया एकत्र

गोपेश्वर। वन्यजीव सप्ताह 2026 के तहत केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की गोपेश्वर रेंज की ओर से रुद्रनाथ ट्रैक रूट पर पर्यटक एवं तीर्थयात्रियों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह 2 से 8 अक्टूबर तक थीम के साथ मनाया जा रहा है।
इसी क्रम में चतुर्थ केदार रुद्रनाथ यात्रा मार्ग के मुख्य पड़ाव सगर से पुंग खर्क तक विशेष पर्यटक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के दौरान वन कर्मियों ने ट्रैक रूट से प्लास्टिक, गार्बेज एवं अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र कर स्वच्छता अभियान भी चलाया।
वन क्षेत्राधिकारी भरत सिंह नेगी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वन दरोगा अनूप कुमार पंवार, पृथ्वी सिंह नेगी, जय प्रकाश, दुर्गा सती, राजू लाल, विनोद सिंह, आलोक सिंह, युवराज सिंह एवं राजेंद्र रावत सहित वन कर्मी मौजूद रहे। वन विभाग की टीम ने रुद्रनाथ यात्रा मार्ग से गुजर रहे पर्यटकों एवं तीर्थयात्रियों को वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा तथा प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। साथ ही उत्तराखंड के राज्य चिन्हों के संबंध में भी जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान यात्रा मार्ग से गुजर रहे यात्रियों एवं नेपाली श्रमिकों द्वारा ले जाई जा रही सामग्री की जांच भी की गई। इसका उद्देश्य ट्रैक रूट पर नशीले पदार्थों, मादक सामग्री अथवा अन्य अवैध वस्तुओं के आवागमन को रोकना रहा।
कार्यक्रम के अंत में गोपेश्वर रेंज के वन कर्मियों ने पर्यटकों एवं तीर्थयात्रियों को वन्यजीव संरक्षण की शपथ दिलाई। वन विभाग ने लोगों से अपील की कि प्राकृतिक आवासों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने में सहयोग करें और यात्रा के दौरान प्लास्टिक एवं अन्य कचरा जंगल में न छोड़ें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button