महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन

पुलिस लाइन में महान पुरुषों की बनाई जयंती
हरिद्वार (चंद्रशेखर जौशी)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर पुलिस की ओर से पुलिस लाइन रोशनाबाद सहित जनपद के सभी थाना-कोतवालियों एवं पुलिस कार्यालयों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। पुलिस लाइन रोशनाबाद में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस बल ने सलामी देकर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस अधीक्षक अपराध यातायात निशा यादव ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित करते हुए उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांत आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वहीं लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायी है। उनका प्रसिद्ध नारा ‘जय जवान, जय किसान’ देश की सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में जवानों एवं किसानों के योगदान को रेखांकित करता है। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन एवं कर्तव्य में अपनाने तथा ईमानदारी, अनुशासन, संवेदनशीलता एवं निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन के साथ शालीनता एवं संवेदनशीलता से व्यवहार करते हुए समाज में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम करना भी है। इसी क्रम में पुलिस कार्यालय में सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी थाना-कोतवालियों एवं पुलिस कार्यालयों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान एवं उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।



