गैस प्लांट पर युवक की गोली मारकर हत्या

मृतक के भाई की तहरीर पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा
हमलावरों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। भगवानपुर कोतवाली में गैस प्लांट क्षेत्र में देर रात हुए विवाद के बाद एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आदि राणा का रात में कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। विवाद के बाद आदि राणा अपने साथियों के साथ संबंधित लोगों के घर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी और विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गोली चला दी गई, जो आदि राणा को जा लगी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
युवक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अनिल पंडित, लक्की पंडित व राहुल पंडित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में तीनों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
पुलिस टीमों को अलग-अलग स्थानों पर रवाना किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि विवाद और गोली चलने की घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
हत्या की वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




