देहरादून: दून विश्वविद्यालय की मेस में खाद्य विभाग का छापा, नौ नमूने फेल, मेस संचालक को थमाया नोटिस

देहरादून l विश्वविद्यालय की मेस में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छापा मारा। इस दौरान नौ खाद्य पदार्थों के नमूने फेल हो गए। इस पर विभाग ने मेस संचालक को नोटिस थमाया है।
गौरतलब है कि सोमवार को दून विवि की अलकनंदा कैंटीन के खाने कीड़े मिले थे। इतना ही नहीं सब्जी में लोहे के नट-बोल्ट भी पड़े मिले। इससे गुस्साए छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। देर रात विवि की वाइस चांसलर के आवास का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन के बाद वीसी ने मामले को लेकर छात्रों को आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र शांत हुए।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को विवि की अलकनंदा कैंटीन और गेस्ट हाउस कैंटीन समेत अलग-अलग कैंटीन में छापा मारा। इस दौरान कई कमियां सामने आईं। टीम ने खाद्य सामग्रियों के 54 नमूने लिए। मौके पर जांच में नौ नमूने फेल हो गए। इस पर खाद्य की टीम ने फौरन मेस संचालक को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है।
अधिकारियों के मुताबिक मेस में जहां पर खाना बनता है वहां की खिड़कियों में जाली भी नहीं थी। इससे कीड़े अंदर आ जाते हैं। इससे विवि प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।



