उत्तराखण्ड

उत्तरकाशी : पुराने स्वास्थ्य केंद्र में लगी भीषण आग, रिटायर्ड ANM की जिंदा जलकर मौत

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बड़ी घटना हो गई. आराकोट के पुराने स्वास्थ्य केंद्र में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है. इस हादसे में सेवानिवृत्त एएनएम की जिंदा जलकर मौत हो गई. मोरी, त्यूणी और हिमाचल के रोहड़ू से पहुंची दमकल टीमों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया l

फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार घटना बीती देर रात की बताई जा रही है. मोरी विकासखंड के आराकोट में पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं, उसी के भवन में देर रात भीषण आग लग गई थी. कुछ देर में आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया था. बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी बिल्डिंग में बीते कई सालों से सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन रही थी, वो भी इस हादसे का शिकार हो गई. पार्वती जैन आग की लपेटों के बीच में फंस गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया: वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंची. कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा भवन जलकर राख हो चुका था. आग पर काबू पाने के लिए हिमाचल के रोहड़ू से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी को बुलाया गया था l

भवन में अकेली रहती थीं पार्वती जैन: बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद पार्वती जैन लंबे समय से पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में ही रह रही थीं. हादसे के समय वह भवन के अंदर अकेली थीं. आग लगने के बाद उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका l

सामाजिक कार्यकर्ता मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि पार्वती जैन मूल रूप से देहरादून के आराघर क्षेत्र की रहने वाली थीं. सेवानिवृत्ति के बाद वह लंबे समय से आराकोट में रह रही थीं. स्थानीय लोगों के अनुसार उनसे मिलने के लिए समय-समय पर उनकी एक मुंहबोली बेटी भी आती थी. क्षेत्र के लोगों ने हादसे पर गहरा दुख जताया है l

लकड़ी के चूल्हे से आग लगने की आशंका: थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण लकड़ी का चूल्हा माना जा रहा है. आशंका है कि महिला जिस कमरे में रहती थीं, वहां खाना बनाते समय लकड़ी से आग भड़क गई होगी. इसके बाद आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है l

थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मृतका के भतीजे को दे दी गई है. वह देहरादून से आराकोट के लिए रवाना हो चुके हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम समेत आगे की कार्रवाई की जाएगी. हादसे के बाद आराकोट क्षेत्र में शोक का माहौल है l

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button