हैप्पी हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल

पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने का किया दावा, दूसरा फरार; तमंचा और कारतूस बरामद
बहादराबाद/हरिद्वार (बी बी चंदेला )l शांतरशाह क्षेत्र में 14 सितंबर को हुई 28 वर्षीय हैप्पी की हत्या के मामले में बहादराबाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार देर रात नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवाबी फायरिंग में एक युवक के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। दूसरा युवक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्म कांटा, शांतरशाह के पास हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने मौके का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को मामले के खुलासे के निर्देश दिए थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश के दौरान देर रात नहर पटरी स्थित तिरछा पुल के पास दो बाइक सवार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने कथित रूप से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों बाइक सवार दौलतपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर बाइक छोड़कर झाड़ियों की ओर भाग गए। पुलिस का कहना है कि झाड़ियों से भी फायरिंग की गई, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
फायरिंग रुकने के बाद पुलिस ने तलाशी ली तो नदी की ओर जाने वाली ढलान पर एक युवक घायल अवस्था में मिला। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसकी पहचान मुदस्सिर पुत्र जमशेद, निवासी ग्राम दतौली रांगण, थाना कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई। उसके बाएं पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए मेला अस्पताल हरिद्वार भेजा। वहीं दूसरा युवक मौके से फरार हो गया।
पुरानी रंजिश को बताया हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ और जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि वर्ष 2022 में इस्तकार उर्फ इस्तयाक द्वारा जनकपुरी क्षेत्र निवासी एक युवती को भगाकर ले जाने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था और इस्तकार की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस के मुताबिक इस्तकार को संदेह था कि उसकी गिरफ्तारी में मृतक हैप्पी की भूमिका थी।
पुलिस का यह भी कहना है कि बाद में दोनों के बीच विवाद बना रहा और हैप्पी द्वारा इस्तकार को कथित रूप से पुलिस से पकड़वाने की धमकी दी जाती थी। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के चलते इस्तकार ने अपने साथियों के साथ मिलकर हैप्पी की हत्या की योजना बनाई। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से दो दिन पहले कथित तौर पर घटनास्थल की रेकी की गई थी।
हालांकि हत्या की पूरी वजह और घटना में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की संभावना है।
यह सामान बरामद करने का दावा
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और काले रंग की स्पेलेंडर मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
मुठभेड़ की सूचना के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी की स्थिति तथा घटनाक्रम की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई करने वाली टीम को एसएसपी हरिद्वार की ओर से 2,500 रुपये तथा पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र की ओर से 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई है



