उत्तराखण्ड

बत्तीस किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार (चंद्रशेखर जौशी)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कनखल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 किलो 106 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपी गांजे की खेप को एक-एक किलो के पैकेट बनाकर कपड़ों के ट्रॉली बैग और कट्टे में छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी पुलिस और आम लोगों की नजरों से बचने के लिए ट्रॉली बैग का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस अब गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां खपाने की योजना थी, इसकी पड़ताल कर रही है।
पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 23 सितंबर को कनखल पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप की ओर पैदल आ रहे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस टीम ने रोक कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग और एक सफेद रंग के कट्टे से टेप से लिपटे पैकेट बरामद हुए। पैकेटों को खोलकर देखा गया तो उनमें कुल 32 किलो 106 ग्राम अवैध गांजा मिला।
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे को छोटे-छोटे पैकेटों में करीब एक-एक किलो की मात्रा में तैयार किया गया था। आरोपियों की पहचान दिपेश पुत्र गोल्डन झा निवासी बैरागी कैंप, ट्रांसफर वाली गली, कनखल, रणजीत लाकड़ा पुत्र विशु लाकड़ा निवासी ठोकर नंबर 10, झुग्गी-झोपड़ी कनखल व आदित्य राय पुत्र मुकेश राय निवासी मीना बाजार लोहाघाट चम्पावत के रूप में हुई है। दिपेश के कब्जे से 11 किलो 35 ग्राम, रणजीत के कब्जे से 14 किलो 32 ग्राम और आदित्य के कब्जे से 7 किलो 32 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कनखल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ ही गांजे की खेप के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज गैरोला, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह रावत, अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन अधिकारी, हेड कांस्टेबल प्रमोद शर्मा, कांस्टेबल रणजीत सिंह व गजय तोमर शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button