उत्तराखण्ड

नाबालिग साली को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला जीजा गिरफ्तार

हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने नाबालिग किशोरी को घर से बहला-फुसला कर ले जाने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी रिश्ते में किशोरी का जीजा है और उसे अपने साथ शिमला ले गया था। आरोपी की गिरफ्तारी नहर पटरी ज्वालापुर क्षेत्र से की गई।
पुलिस के अनुसार शक्तिनगर कॉलोनी सुल्तानपुर माजरी रानीपुर निवासी महिला ने 26 अगस्त को कोतवाली रानीपुर में तहरीर देकर बताया था कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को उसका जीजा कलीम पुत्र इरशाद निवासी रामपुर डांडी, रुड़की बहला-फुसला कर घर से ले गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार सुरागरसी-पतारसी की। पुलिस ने घटनास्थल और संभावित मार्गों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी की तलाश की गई। लगातार की जा रही कार्रवाई के बीच 21 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नहर पटरी ज्वालापुर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 25 वर्षीय कलीम पुत्र इरशाद निवासी रामपुर डांडी, रुड़की, हरिद्वार को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 25 अगस्त को अपनी नाबालिग साली को घर से अपने साथ शिमला ले गया था। परिजनों द्वारा मुकदमा दर्ज कराए जाने की जानकारी मिलने के बाद वह किशोरी को वापस छोड़ने के लिए घर लौट रहा था। पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज कराने के साथ उसका मेडिकल परीक्षण कराया। मामले में विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमे में सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक सन्दीपा भंडारी, उपनिरीक्षक पूजा पाण्डेय, कांस्टेबल विवेक गुसांई और कांस्टेबल प्रेम सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button