एसपी देहात शेखर चंद सुयाल नम आंखों से दी गई विदाई

देहरादून एसपी सिटी की संभालेंगे जिम्मेदारी
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। करीब 22 महीने तक हरिद्वार की धरती पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बाद एसपी देहात शेखर चंद सुयाल बुधवार को नई जिम्मेदारी के लिए विदा हो गए। पुलिस कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित विदाई समारोह में माहौल भावुक नजर आया। साथ काम करने वाले अधिकारियों ने उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को याद किया तो उनके साथ बिताए पलों की यादें भी ताजा हो गईं।
नवंबर 2024 में एसपी देहात की जिम्मेदारी संभालने वाले शेखर चंद सुयाल ने अपने कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण एवं घटनाओं के अनावरण, शांति और सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही सफल कांवड़ यात्रा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में भूमिका निभाई। अधिकारियों ने उनके कुशल नेतृत्व के साथ-साथ मृदुभाषी स्वभाव, सरल व्यवहार और कुशल वक्ता के रूप में मंच संचालन की विशेष शैली को भी याद किया। विदाई समारोह में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें फूल माला पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कई चेहरों पर भावुकता साफ दिखाई दी। अधिकारियों ने भविष्य में फिर साथ काम करने की इच्छा जताई। वहीं शेखर चंद सुयाल ने हरिद्वार में अपने कार्यकाल के दौरान वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिकारियों से मिले सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। अब देहरादून में अपर पुलिस अधीक्षक नगर की नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे सुयाल अपने पीछे हरिद्वार पुलिस परिवार के साथ काम करने की यादें छोड़ गए हैं। समारोह में सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, सीओ ज्वालापुर संजय चौहान, सीओ सिटी शीशुपाल नेगी, सीओ यातायात विपेंद्र सिंह, प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण आलोक समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।




