उत्तराखण्ड

छात्र कुलश्रेष्ठ ने बढ़ाया हरिद्वार पुलिस का मान

कंबोडिया में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। विद्यालय में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत छात्र कुलश्रेष्ठ ने वोवीनाम मारिया आर्ट्स की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन जम्मू-कश्मीर में किया गया था, जिसमें कुलश्रेष्ठ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर आगामी नवंबर माह में कंबोडिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन हुआ है। इस प्रतियोगिता में कुलश्रेष्ठ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने छात्र कुलश्रेष्ठ से मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने छात्र का उत्साहवर्धन करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों के संबंध में हरसंभव सहयोग एवं सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना पूरे हरिद्वार पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है। ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश और संस्थान का नाम रोशन कर सकें।
उल्लेखनीय है कि छात्र कुलश्रेष्ठ इससे पूर्व भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में उत्साह का माहौल है।
इस अवसर पर सीओ लाइन बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन प्रवीण आलोक, प्रधानाचार्य ममता तोमर एवं खेल प्रशिक्षक धीरज कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button