मुंडाखेड़ा कलां में चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार

सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
हरिद्वार/लक्सर ( चंद्रशेखर जोशी)। घर में पहले से आना-जाना और परिवार से पहचान का फायदा उठाकर दो आरोपियों ने मुंडाखेड़ा कलां गांव में एक मकान को निशाना बना लिया। आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। कोतवाली लक्सर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मामला लक्सर क्षेत्र के ग्राम मुंडाखेड़ा कलां का है। 30-31 अगस्त की मध्यरात्रि गांव निवासी नवीन के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी नवनीत सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे संभावित मार्गों की निगरानी बढ़ाई और संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 8 सितंबर को दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए लाखों रुपये के आभूषण बरामद हुए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शिकायतकर्ता के परिचित थे और उनका घर पर पहले से आना-जाना था। इसी दौरान उन्हें घर में नकदी और सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की जानकारी मिली। इसके बाद दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस के अनुसार चोरी के बाद आरोपियों ने नकदी खर्च कर दी थी, जबकि आभूषण बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांटने की योजना थी। इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद आभूषणों की शिकायतकर्ता ने मौके पर शिनाख्त कर उन्हें अपना बताया। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी आशीष सैनी उर्फ गादड़ (26) पुत्र सुखबीर सैनी, निवासी ग्राम मुंडाखेड़ा कलां लक्सर व ललित कुमार उर्फ पाशा (24) पुत्र मुनेश, निवासी ग्राम मुंडाखेड़ा कलां लक्सर हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चैन मय लॉकेट, झुमके, अंगूठियां, टॉप्स, कड़े, बिछुए और चांदी के सिक्के समेत कई आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
खुलासे में एसएचओ प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक शहजाद अली, उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, पंचम प्रकाश, कांस्टेबल संजय कुमार व संदीप रावत की अहम भूमिका रही।



