उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 101 नवनियुक्त कार्मिकों कोप्रदान किया नियुक्ति पत्र

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पशुपालन तथा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के 101 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र दिए। इनमें 88 पशुधन प्रसार अधिकारी और 13 गन्ना पर्यवेक्षक शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्तियां युवाओं की मेहनत और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का परिणाम हैं। पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से जनसेवा की भावना के साथ ईमानदारी और संवेदनशीलता से काम करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन और गन्ना विभाग ग्रामीण अर्थव्यवस्था से सीधे जुड़े हैं। सरकार पशुपालन को रोजगार और स्वरोजगार का माध्यम बनाने के साथ किसानों और पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर दे रही है।

उन्होंने बताया कि गन्ना सर्वेक्षण को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया है। किसानों को नई तकनीक और उन्नत प्रजातियों की जानकारी देने के लिए गन्ना क्लीनिक और परामर्श केंद्र शुरू किए गए हैं। उत्तराखंड में गन्ना किसानों को उत्तर प्रदेश की तुलना में 5 रुपये प्रति कुंतल अधिक गन्ना मूल्य दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कार्मिकों से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने तथा ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ के मंत्र के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button