हल्द्वानी में राहुल गांधी पर एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज

उत्तराखंड में एससी युवक की तहरीर पर कार्रवाई बीएनएस की दो धाराएं भी
शुद्धिकरण को जातिगत रंग देने का आरोप
हल्द्वानी/नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जैसे ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अपमान को मुद्दा बनाने व मुकदमा दर्ज कराने की बात की, उनके खिलाफ रविवार को हल्द्वानी थाने में एससी-एसटी एक्ट, भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई।
प्राथमिकी दर्ज कराने वाले श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा समिति के सदस्य अमित कुमार अनुसूचित जाति से आते हैं। राहुल गांधी के खिलाफ बीएनएस की धारा 196 (नफरत फैलाना), 299 (धार्मिक भावनाएं आहत करना) और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3 (1) (दलित समुदाय के खिलाफ सार्वजनिक अपशब्दों का इस्तेमाल) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अमित ने आरोप लगाया कि रामलीला मैदान में 11 अगस्त को साफ-सफाई के कार्य को राहुल ने जातिगत रूप दिया और दिल्ली में प्रेस वार्ता के दौरान इसे छुआछूत व अपराध बताया। इससे उनकी जातिगत भावनाएं आहत हुई हैं। इस मामले में भाजपा ने राहुल पर सियासत करने का आरोप लगाया तो कांग्रेस पलटवार के बजाय मंथन कर इस मुद्दे पर आगे बढ़ेगी।
राहुल ने खरगे के अपमान को दलित से जोड़ा
हल्द्वानी में आठ अगस्त को रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद सभा स्थल को शुद्ध करने का मामला सामने आया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा, आरएसएस से जुड़े धार्मिक संगठन के लोगों ने शुद्ध किया था।
राहुल गांधी ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रेस वार्ता कर इसे दलित अपमान करार दिया था, क्योंकि खरगे दलित समुदाय से आते हैं। राहुल ने इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की थी।
धामी बोले- मामले में भाजपा शामिल नहीं
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, रामलीला वाली जगह पर गंदगी फैलाई गई, जबकि वह धार्मिक स्थान था। उसके विरोध में धार्मिक संगठनों ने शुद्धीकरण किया। इसमें भाजपा का कोई व्यक्ति शामिल नहीं था।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि राहुल ड्रामा कर रहे हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने मामले का जिक्र 15-20 दिन पहले ही कर दिया था। राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने स्पष्ट कर दिया था कि इसमें भाजपा या संघ का कोई भी शामिल नहीं है। जोशी ने कहा, खड़गे के दुख जताने पर ही राहुल को इसकी याद आई।
श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष और शुद्धीकरण कार्यक्रम के मुख्य आयोजक गिरीश चंद्र पांडे ने कहा, हमने मंच पर पीछे छोड़ी गई गंदगी को साफ किया। हमने शुद्धीकरण की यह रस्म उस जगह की पवित्रता बहाल करने के लिए की थी।



