उत्तराखण्ड

डिजिटल मीडिया संस्थानों की विज्ञापन दरों में बढ़ोतरी की मांग, मुख्यमंत्री धामी को सौंपा ज्ञापन

हल्द्वानी। उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया संस्थानों और न्यूज पोर्टल्स की विभिन्न समस्याओं को लेकर हिमालय डिजिटल मीडिया एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर सूचना विभाग में सूचीबद्ध डिजिटल मीडिया संस्थानों, न्यूज पोर्टल्स एवं वेबसाइटों की विज्ञापन दरों में वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप सम्मानजनक वृद्धि किए जाने की मांग की है।

एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में कहा कि आज डिजिटल मीडिया समाचार एवं सूचनाओं के प्रसार का सबसे तेज और प्रभावी माध्यम बन चुका है। उत्तराखंड जैसे भौगोलिक रूप से विषम राज्य में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरों तक सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों, जनसमस्याओं, आपदा एवं मौसम संबंधी सूचनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में न्यूज पोर्टल्स और डिजिटल मीडिया संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

ज्ञापन में कहा गया कि इसके बावजूद सूचना विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली विज्ञापन दरें वर्तमान बाजार परिस्थितियों और डिजिटल मीडिया संस्थानों के बढ़ते संचालन खर्च के अनुरूप नहीं हैं। वेबसाइट सर्वर एवं होस्टिंग, तकनीकी रखरखाव, डोमेन, पत्रकारों एवं संवाददाताओं का मानदेय, कैमरा एवं अन्य उपकरण, वीडियो शूटिंग व एडिटिंग, ग्राफिक्स, ट्रांसपोर्ट, सोशल मीडिया संचालन तथा कंटेंट निर्माण जैसी लागत लगातार बढ़ रही है।

एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि डिजिटल मीडिया संस्थानों की वर्तमान आर्थिक एवं व्यावहारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सूचना विभाग की विज्ञापन दरों में आवश्यक एवं सम्मानजनक वृद्धि के लिए उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

वहीं, पर्वतीय पत्रकार संघ की ओर से भी पत्रकार हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा गया।
पत्रकारों से जुड़े विषयों और उनकी समस्याओं के समाधान की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।

वही इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि पत्रकारों और डिजिटल मीडिया संस्थानों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक हल निकाला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button