120 कैमरों ने खोला झपटमारी का राज, शातिर गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार में पुलिस की बड़ी कामयाबी
पर्स दो रुपये व वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। ज्वालापुर में महिला से झपट्टा मारकर पर्स लूटने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों में दबोच लिया। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया पर्स, उसमें रखे दो रुपये व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली। आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस ने करीब 120 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र की मदद ली।
पुलिस के मुताबिक मोहल्ला मालियान ज्वालापुर निवासी प्रीति पत्नी रामदयाल ने 4 अगस्त को तहरीर देकर बताया था कि सौंधी नर्सिंग होम के पास मोटरसाइकिल सवार युवक झपट्टा मारकर उनका पर्स छीनकर फरार हो गया। पर्स में दो रुपये की नकदी थी। मामले में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी व वारदात के खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर आसपास के रास्तों तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। करीब 120 कैमरों की फुटेज की पड़ताल के बाद संदिग्ध की पहचान की दिशा में पुलिस आगे बढ़ी। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर संदिग्धों की धरपकड़ और पूछताछ शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रात में दीपक प्रजापति पुत्र हरिओम प्रजापति निवासी कुम्हारघड़ा कनखल को लालपुल से जटवाड़ा पुल की ओर जाने वाली नहर पटरी से दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से महिला का पर्स दो रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा की बढ़ोतरी की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी ऋषिकेश देहरादून और कनखल क्षेत्र में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी चौकी रेल उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय, कांस्टेबल दीपक चौहान, करम सिंह चौहान, नवीन छेत्री और अर्जुन चौहान शामिल रहे। आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


