कांवड़ियों के बीच पहुंचे डीएम-एसएसपी, फूल-माला पहनाकर किया स्वागत

शंकराचार्य चौक पर शिवभक्तों को बांटे फल-जूस और पेयजल, व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक
हरिद्वार(चंद्रशेखर जोशी)। कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है। रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित व एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ शंकराचार्य चौक पहुंच कर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान डीएम और एसएसपी कांवड़ियों के बीच पहुंचे और तीर्थनगरी से अपने गंतव्य की ओर जा रहे शिवभक्तों का फूल-मालाएं पहना कर स्वागत किया। अधिकारियों ने कांवड़ियों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनका हालचाल जाना और यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान शिवभक्तों को फल, जूस, पेयजल एवं अन्य अल्पाहार भी वितरित किया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ियों से यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया। कांवड़ियों की ओर से सामने आए सुझावों और समस्याओं के तत्काल निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों को अपने बीच पाकर कांवड़ियों में भी खासा उत्साह नजर आया। शिवभक्तों ने प्रशासन और पुलिस की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आभार जताया। माहौल हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद कांवड़िए उत्साह के साथ अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होते रहे।
इस अवसर पर जनपद के अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिवभक्तों की सेवा करते हुए उन्हें फल, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार की जा रही निगरानी और सेवा भाव से शिवभक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है।




