उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : तेज रफ्तार स्कार्पियो ने स्कूटी के पास खड़े चार युवकों को मारी टक्कर, हादसे में चारों दोस्तों की मौत

हल्द्वानी। हल्द्वानी के तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार स्कार्पियो ने स्कूटी के पास खड़े चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य युवकों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चारों युवक आपस में दोस्त थे और एक साथ सड़क किनारे खड़े थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे के करीब तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर एक स्कूटी के पास चार युवक खड़े थे। इसी दौरान लालकुआं की ओर से तेज रफ्तार आ रही एक अनियंत्रित स्कार्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की इतनी अधिक थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
हादसे के बाद पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने 17 वर्षीय राहुल राजपूत, 25 वर्षीय शिवम और 20 वर्षीय अंशु आर्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय आदित्य टम्टा को आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन रात करीब एक बजे उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक,राहुल राजपूत (17), निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, शिवम (25), निवासी गोरापड़ाव, अंशु आर्य (20), निवासी बेरीपड़ाव, आदित्य टम्टा (18), निवासी गोरापड़ाव आदि शामिल है।
चारों युवकों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक ही हादसे में चार युवकों की मौत ने पूरे हल्द्वानी को झकझोर दिया है। कुछ ही पलों में चार परिवारों के सपने बिखर गए। जिन घरों में देर रात बेटों के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां सुबह मातम पसरा हुआ था। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।


