उत्तराखण्ड

खुलासा: पुलिस ने की पत्नी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार, बहादराबाद (बी बी चंदेला )l वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए अपनी पत्नी को जहर देकर मौत के घाट उतारने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना स्वयं कोतवाली प्रभारी द्वारा की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, 4 फरवरी 2026 को मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने स्वयं विवेचना अपने हाथ में ली। घटना स्थल का निरीक्षण कर फील्ड यूनिट टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए, जबकि पोस्टमार्टम के बाद मृतका का बिसरा परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया।

जांच के दौरान प्राप्त एफएसएल रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि महिला की मृत्यु जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई थी। वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति अफजाल की भूमिका संदिग्ध पाई और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था और क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में था। मुखबिर की सूचना पर बहादराबाद पुलिस टीम ने 27 जून 2026 को बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था, जिसके चलते उसने उसे जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 38 वर्षीय अफजाल पुत्र मुस्लिम निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक करम सिंह, कांस्टेबल अरुण चमोली एवं कांस्टेबल विकास थापा शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button