रुड़की में बवाल : मोहर्रम पर मातमी जुलूस के दौरान टोडा गांव में व्यक्ति ने फेंके ईंट-पत्थर, मची अफरा-तफरी

रुड़की । रुड़की सिविल लाइंस क्षेत्र के टोडा कल्याणपुर मुस्ताहकम में मोहर्रम के दौरान एक ने ईंट-पत्थर फेंक दिए जिससे बवाल खड़ा हो गया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
मोहर्रम के दिन मुस्लिम समुदाय के लोग शुक्रवार को दिनभर मातमी जुलूस निकाल रहे थे। रात नौ बजे टोडा गांव के रामलीला ग्राउंड में जुलूस पहुंचा और मुस्लिम समुदाय के लोग मातमी प्रदर्शन करने लगे। यह क्षेत्र हिंदू बाहुल्य है इसलिए संवेदनशील भी है। इसी जगह पर किसी व्यक्ति ने जुलूस की तरफ पत्थर फेंक दिए जिससे अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। तत्काल भारी पुलिस फोर्स गांव में पहुंची और स्थिति को संभाला। खबर लिखे जाने तक भारी पुलिस फोर्स मौके पर पर मौजूद था।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि किसी व्यक्ति ने शराब पी हुई थी और उसने ईंट जुलूस की तरफ फेंक दी। इसके बाद अफरा-तफरी हुई और तनावपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश की गई। समय रहते भारी पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।




