मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बहादराबाद पुलिस ने की बैठक

हरिद्वार /बहादराबाद (बी बी चंदेला)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने क्षेत्र के ग्रामीणों, गणमान्य नागरिकों, ग्राम प्रधानों एवं ताज़िया कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ कस्बा बहादराबाद और शांतरशाह चौकी क्षेत्र में बैठक आयोजित की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से मुहर्रम पर्व को पारंपरिक गरिमा, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। बैठक के दौरान ताज़ियों की ऊंचाई शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान डीजे बजाने, हथियारों के प्रदर्शन तथा किसी भी प्रकार की भड़काऊ नारेबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में मौजूद ताज़िया कमेटियों, ग्राम प्रधानों और अन्य गणमान्य नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया तथा त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया।
बहादराबाद पुलिस ने कहा कि मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी।



