बहादराबाद पुलिस ने गोलीकांड के संदिग्ध को तमंचे और स्कॉर्पियो सहित दबोचा

हरिद्वार/बहादराबाद (बी बी चंदेला )l थाना बहादराबाद पुलिस ने फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध अभियुक्त को अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और स्कॉर्पियो वाहन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वादी की गाड़ी पर गोली चलाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, टिकोलकला मंगलौर निवासी विजय भाई पुत्र स्व. कर्ण सिंह ने 18 मई 2026 को थाना बहादराबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 मई 2026 को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनका पीछा करते हुए वाहन पर फायरिंग की गई। मामले में थाना बहादराबाद में मुकदमा अपराध संख्या 124/26 धारा 125 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और फील्ड यूनिट की मदद से वाहन का निरीक्षण किया। जांच में गोली चलने की पुष्टि हुई।
पुलिस के मुताबिक 24 मई की रात आरोपी स्वयं काले रंग की स्कॉर्पियो और घटना में प्रयुक्त तमंचे के साथ थाना बहादराबाद पहुंचा, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद मुकदमे में धारा 25(1-बी)(ए) आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंजीत पुत्र ओंकार सिंह निवासी शिव गंगा विहार कॉलोनी, शांतरशाह, थाना बहादराबाद, हरिद्वार उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



