उत्तराखण्ड

महाराज ने किया संगलाकोटी में 73 लाख 16 हजार रुपये की लागत से बनने वाले मोटर मार्ग का शिलान्यास

ऐकेश्वर (पौड़ी)। चौबट्टाखाल विधायक एवं प्रदेश के लोक निर्माण, सिंचाई, पर्यटन, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकासखण्ड ऐकेश्वर अंतर्गत राज्य योजना के तहत 73 लाख 16 हजार रुपये की लागत से बनने वाले तिलखोली मोटर मार्ग के संगलाकोटी बैंड से संगलाकोटी गांव तक द्वितीय चरण (स्टेज-II) के नव निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
सोमवार को आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि संगलाकोटी गांव के लिए मोटर मार्ग निर्माण की मांग ग्राम सभा द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। इस मांग को देखते हुए तीन वर्ष पूर्व इस मार्ग के प्रथम चरण को स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बाद दूसरे वर्ष द्वितीय चरण के प्रथम स्टेज का कार्य पूरा किया गया और अब तीसरे वर्ष में स्टेज-II की स्वीकृति मिलने से मार्ग निर्माण का कार्य और आगे बढ़ेगा। इस चरण में स्कबर, नालियों तथा पुस्तों के निर्माण का कार्य संपन्न किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सतपुली-रीठाखाल-संगलाकोटी-पोखड़ा मोटर मार्ग की स्थिति में सुधार किया गया है। साथ ही संगलाकोटी-भेड़गांव-बड़ेत तथा कोलाबिजोरा पानी के मध्य सड़क निर्माण न होने से जो समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं, उनका समाधान करते हुए रिंग रोड का निर्माण कराया गया। इसके अतिरिक्त संगलाकोटी बाजार से कमलपुर इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग का निर्माण भी पूरा कराया गया है।
महाराज ने कहा कि आपदा के कारण संगलाकोटी बाजार में उत्पन्न समस्याओं—जैसे नाली निर्माण, सड़क पर टाइल्स बिछाने तथा मलबा हटाने—के कार्य भी सफलतापूर्वक पूर्ण कराए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश नैथाण, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह, बूथ अध्यक्ष हरीश पोखरियाल, पूर्व प्रधान पार्वती देवी, मंडल महामंत्री सुनील रावत, भाजपा युवा नेता सुयश रावत, बीडीसी सदस्य सुभाष जोशी, भगवान सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक अनिल, पोखड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र, पूर्व प्रधान महेन्द्र सिंह, शोभा राम, उमेश पोखरियाल एवं सोवन सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button