उत्तराखण्डराजनीति

राहुल गांधी का निजी सचिव बता नेता से ठगे लाखों

अमृतसर का रहने वाला आरोपी गौरव गिरफ्तार

 कई और नेताओं को पद व टिकट का दिया झांसा

पीसीसी अध्यक्ष गोदियाल, प्रीतम सिंह, डा.हरक सिंह रावत व देहरादून महानगर अध्यक्ष को भी ठग ने किया था फोन

देहरादून। उत्तराखंड के कई नेताओं को पद और टिकट का लालच देकर ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देहरादून पुलिस ने अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के अमृतसर निवासी आरोपी गौरव कुमार को सोमवार को गिरफ्तार किया है। ठगी का शिकार हुई महिला भावना पांडे ने ठग के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गौरव ने कांग्रेस के कुछ विधायकों को होटल में रुकवाने के नाम पर स्थानीय नेता भावना पांडे से 25 लाख की ठगी की। राजपुर पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज की थी। तीन मई को जाखन स्थित पिनाकल रेजिडेंसी निवासी भावना ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कनिष्क सिंह नाम का व्यक्ति खुद को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का निजी सचिव बताकर उन्हें पार्टी में अहम पद दिलाने और सर्वे कराने के नाम पर 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था।

13 अप्रैल को आरोपी के साथी ने उनके घर पहुंचकर नकद रकम ले ली, जिसके बाद आरोपी ने संपर्क बंद कर दिया।एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल के निर्देश पर एसआईटी व राजपुर पुलिस की टीम गठित की गई। जांच के दौरान मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी और मुखबिरो की मदद से आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया है। ठग ने बताया कि उसने कनिष्क सिंह के नाम से फर्जी पहचान बनाकर देश के कई और नेताओं को निशाना बनाया। इसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी ने बताया कि इस गिरोह में छज्जू, रजत मदान और मनिंदर सिंह कालू समेत चार अन्य सदस्य भी शामिल हैं, जो ठगी की रकम आपस में बांट लेते थे। टीमें अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

बताया जाता है कि आरोपी ने कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, डॉ. हरक सिंह रावत, विधायक प्रीतम सिंह, दून जिलाध्यक्ष जसविंदर गोगी को भी फोन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button