उत्तराखण्डदेशधर्म-संस्कृति
हरिद्वार गंगा में महिला ने कराया पालतू कुत्ते का स्नान, श्रद्धालुओं ने किया विरोध तो महिला भड़की

हरिद्वार। हरिद्वार के सर्वानंद गंगा घाट पर एक महिला अपने पालतू कुत्ते को नहला रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसके बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं और महिला के बीच विवाद हो गया। वीडियो में महिला अन्य लोगों को अनाप शनाप बोलती नजर आ रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने परिवार के साथ घाट पर पहुंची थी। कुछ देर बाद उसने अपने पालतू कुत्ते को गंगा में नहलाना शुरू कर दिया। इस पर घाट पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने आपत्ति जताई। श्रद्धालुओं के विरोध करने पर महिला उन पर भड़क गई और दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक तीखी बहस हुई। इस घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है।
तीर्थ पुरोहितों ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गंगा हमारी आस्था का प्रतीक है। इसके कारण लाखों श्रद्धालुओं की भावना आहत हो रही है। उन्होंने ऐसी हरकतों को अनुचित बताया और प्रशासन से घाटों की मर्यादा बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल, यह वीडियो वायरल होने के बाद लोग इस घटना पर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। वे गंगा की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त नियम लागू करने की मांग कर रहे हैं।




