पहाड़ों में बूंदाबांदी से मैदान में गिरा पारा, आज भी ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी

देहरादून । बीते कुछ दिनों से परेशान कर रही गर्मी के बीच मौसम बदला तो मैदान से लेकर पहाड़ तक लोगों को बड़ी राहत मिली। मंगलवार सुबह पहाड़ी क्षेत्रों में हुई हल्की बूंदाबांदी का असर मैदानों में भी साफ दिखाई दिया। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य हुआ तो चुभती-जलती गर्मी से बड़ी राहत मिली।
दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे और शाम होते-होते ठंडी हवाओं ने वातावरण को और भी सुहाना बना दिया। तेज धूप और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम के इस बदले मिजाज से बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही भी बढ़ी नजर आई। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में हुई हल्की बारिश और बादल छाने से तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे गर्मी का असर सीमित रहेगा।




