बहादराबाद पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को अवैध चाकू के साथ किया गिरफ्तार

हरिद्वार/बहादराबाद, ( बी बी चंदेला )। थाना बहादराबाद पुलिस ने रात्रि चेकिंग के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार कर संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी संगीन घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद के निर्देशन में पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी।
गश्त के दौरान सहदेवपुर मार्ग पर शांतरशाह क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कुर्बान पुत्र मुजफ्फर निवासी ग्राम मरगूबपुर, उम्र करीब 30 वर्ष को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी थाना बहादराबाद का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ थाना बहादराबाद में मुकदमा अपराध संख्या 90/26, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।




