उत्तराखण्ड

अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर राजकमल कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

हरिद्वार/बहादराबाद (बी बी चंदेला)। राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज, बहादराबाद में अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत अग्निशमन विभाग द्वारा एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने तथा सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक बनाना रहा।


इस अवसर पर अग्निशमन विभाग से आए अग्निशमन अधिकारी श्री बीरबल सिंह एवं उनकी टीम (प्रदीप सिंह राणा, दीपाली बर्मन, पारुल पंवार) ने विद्यार्थियों को आग लगने के विभिन्न कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक कदमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अग्निशमन यंत्रों के सही एवं सुरक्षित उपयोग की विधि को समझाते हुए व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) भी प्रस्तुत किया, जिससे छात्रों को वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा सुरक्षा से जुड़े अनेक जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका अग्निशमन अधिकारी द्वारा सरल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया गया। इस प्रकार के जीवंत प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता के साथ-साथ आत्मविश्वास का भी विकास हुआ।
राजकमल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने अग्निशमन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास एवं सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग रहना अनिवार्य हो गया है, क्योंकि छोटी-सी असावधानी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने में सक्षम बनाते हैं, बल्कि उनमें जिम्मेदारी, सजगता एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की सचिव श्रीमती राजेश देवी व प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप, नितिन चौहान तथा प्रवक्तागण डॉ. दीक्षा चौहान, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, इशिका पंडित, विनीत कुमार, प्रिया सैनी, नैंसी चौहान, अरबाब राव, सिया पाल,रवि कुमार, विशाखा सिंह, फिज़ा राव, राजदेव रावत और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button