उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

कांग्रेस ने किया पुलिस मुख्यालय का घेराव, बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सरकार को दी चेतावनी

पुलिस महानिदेशक को कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

पुलिस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत भी शामिल रहे। इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से पुलिस मुख्यालय तक मार्च निकाला और पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में राजधानी देहरादून सहित राज्य के विभिन्न जिलों में दिन-दहाड़े हत्या और गंभीर आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। पार्टी का कहना है कि शांतिप्रिय और ‘देवभूमि’ कहे जाने वाले उत्तराखंड में इस तरह की घटनाएं राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही हैं।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पिछले 15 दिनों में राजधानी समेत अलग-अलग जिलों में पांच जघन्य हत्याकांड हुए हैं, जिनमें कई मामलों में अभी तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पार्टी ने इसे पुलिस प्रशासन की विफलता बताते हुए कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो सामाजिक अस्थिरता और जनविश्वास में गिरावट का खतरा बढ़ सकता है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि राज्य के संवेदनशील और अपराध-प्रवण क्षेत्रों में विशेष पुलिस अभियान चलाया जाए, संगठित अपराध और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, गंभीर मामलों की समयबद्ध और उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए तथा लापरवाही पर पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। आमजन में सुरक्षा की भावना बहाल करने के लिए तत्काल दृश्यमान कदम उठाने की भी मांग की गई।

प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने पार्टी की ओर से ज्ञापन का पाठ प्रस्तुत किया। घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रदेश व जिला स्तर के कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button