उत्तराखण्ड

तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या

राजधानी देहरादून में बेखौफ बदमाश

स्कूटी सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

देहरादून। उत्तराखंड की शांत वादियों वाली राजधानी अब ‘क्राइम कैपिटल’ बनती जा रही है। बुधवार को शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार तिब्बती मार्केट उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा, जब अज्ञात हमलावरों ने 40 वर्षीय कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर बड़ी आसानी से फरार हो गए, जिससे पुलिस की नाकेबंदी और सुरक्षा दावों की पोल खुल गई है।

घटना कोतवाली डालनवाला क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी स्कूटी पर सवार होकर बाजार में पहुंचे थे। उन्होंने 40 वर्षीय कारोबारी अर्जुन शर्मा पर गोली चलाई और वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले हमलावर भाग चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। बाजार को सुरक्षा के लिहाज से नियंत्रित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शहर के सभी प्रमुख चेक पोस्टों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button