उत्तरप्रदेश

अमेठी : रोडवेज बस और कार में भीषण टक्कर, दो लोगों की मौत व 10 यात्री घायल

अमेठी । यूपी के अमेठी में रविवार को बांदा-टांडा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। सुबह तेज रफ्तार कार और रोडवेज बस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे जा गिरे। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, बस में सवार दस यात्री घायल हो गए।

हादसा गौरीगंज क्षेत्र में स्टील फैक्टरी के पास हुआ। मृतकों की पहचान गौरीगंज के अन्नी बैजल निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। दीपक सिंह रोडवेज बस में सवार थे। दूसरे मृतक की पहचान कौशांबी के दिवितरा, थाना पोखरा निवासी ऋतुराज के रूप में हुई है, जो कार चला रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

पुलिस प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही को मान रही है। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन काफी तेज गति से आ रहे थे। अचानक आमने-सामने आ गए। इससे संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button