उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में भाजपा पार्षद की गोली से युवक की मौत

हल्द्वानी। कुमाऊं की प्रमुख व्यापारिक नगरी हल्द्वानी एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठी है। शहर के जज फार्म क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब भाजपा के पार्षद एवं संगठन से जुड़े पदाधिकारी अमित बिष्ट उर्फ ‘चिंटू’ पर एक युवक की गोली मारकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा पार्षद अमित बिष्ट ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से जज फार्म निवासी नितिन लोहनी पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्षद अमित बिष्ट को हिरासत में ले लिया है। मौके से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर को भी कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल गोली चलाने के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। 

इधर, पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा किया जाएगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button