उत्तराखण्डकरिअर

विजिलेंस की कार्रवाई, रुड़की सिविल अस्पताल में 20 हजार की रिश्वत लेते डॉक्टर रंगेहाथ गिरफ्तार

रुड़की । रुड़की सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की साख पर सवाल खड़े हो गए हैं। विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात सिविल अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, डॉक्टर ने करीब 20 दिन पहले ही रुड़की के सिविल अस्पताल में ज्वॉइन किया था। इससे पहले डॉक्टर मसूरी में तैनात था।

बताया जा रहा है कि रिश्वत मांगने के आरोप में पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद पूरी योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की गई।

तय रकम लेते ही विजिलेंस टीम ने डॉक्टर को इमरजेंसी में मौके पर ही दबोच लिया। विजिलेंस की इस कार्रवाई से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और मरीजों में भी चर्चा का माहौल बना रहा। आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है। गिरफ्तार डॉक्टर की पहचान डॉ. आभास सिंह के रूप में हुई है, जो सिविल अस्पताल रुड़की में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे।

विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जाएगा कि डॉक्टर पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं। वहीं, घटना के बाद सिविल अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button