संभल में भीषण हादसा: एक परिवार के छह लोगों की माैत, कार-पिकअप में हुई टक्कर, चार गंभीर

संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर धतरा के नजदीक गंगा एक्सप्रेस-वे पर सब्जी से भरी पिकअप और ऑल्टो कार में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। इसमें अमरोहा के आदमपुर निवासी रोहित की पत्नी रेनू (35), बेटा भास्कर (7), बेटी रिया (10), बहन देववती (40), भाभी गीता (28) और साले किशन का बेटा कपिल (12) की मौत हो गई। रोहित (38) और उनका बड़ा बेटा जय (13) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पिकअप के चालक और परिचालक की भी हालत गंभीर है। हादसा बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े सात बजे उस समय हुआ जब रोहित अपने पूरे परिवार के साथ बहजोई थाना क्षेत्र के पैतृक गांव बिसारू से नामकरण के कार्यक्रम में शामिल होकर आदमपुर के लिए लौट रहे थे।
वह बहजोई के लहरावन से गंगा एक्सप्रेस-वे पर प्रवेश कर गए। गांव रसूलपुर धतरा के नजदीक सामने से आई सब्जी से भरी पिकअप गाड़ी से टक्कर हो गई। इसमें सभी गंभीर रुप से घायल हुए। ग्रामीणों की मदद से यूपी 112 और एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया।
जहां छह लोगों के मृत होने की पुष्टि हुई। रोहित और जय का उपचार चल रहा है। पिकअप चालक व परिचालक की भी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना पर एएसपी कुलदीप सिंह कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए थे। क्षतिग्रस्त वाहनों को घटनास्थल से हटाया गया है।
रोहित के भाई सुनील ने बताया कि 10 वर्ष पहले आदमपुर में जाकर बस गए थे। वहां सराफा की दुकान रोहित चलाते हैं। बृहस्पतिवार को गांव बिसारु में छोटे भाई डेविड के बेटे का नामकरण था। इसलिए सभी लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे।
सुनील ने बताया कि उनकी पत्नी गीता की भी इस हादसे में जान गई है। वहीं, दूसरी ओर हादसे की सूचना आदमपुर और बिसारू पहुंची तो चित्कार मच गई। लोग अपने अपने वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
मरने वालों में 3 महिलाएं और 3 बच्चे
हादसे में मां, बेटी-बेटा, भाभी, ननद और भांजे की मौत हुई है। इनमें आदमपुर निवासी गीता (28) पत्नी सुनील, देववती (46), सतपाल, रिया (10), भास्कर (7) पुत्र रोहित, रेनू (35) पत्नी रोहित शामिल हैं। वहीं कपिल (12) पुत्र किशनपाल के निवासी बागड़पुर की भी मौत हुई है। रोहित (36) पुत्र भगवानदास और रोहित का बेटा जय घायल है।
हादसे के बाद डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। हादसे के बारे में जानकारी ली।
20 साल से अमरोहा में रह रहा है परिवार
रोहित खड़गवंशी थाना बहजोई क्षेत्र के बिसारू का मूल निवासी हैं। रोहित और उनके भाई सुनील पिछले 20 साल से अमरोहा के आदमपुर में रह रहे हैं। रोहित की सर्राफा की दुकान है। सुनील टेलरिंग का काम करते हैं। परिवार में 10 भाई–बहन हैं। इनमें जोगेंद्र, हरकिशोर, सुनील, डेविड, खुशीराम, नीरज, रोहित, देववती, विमलेश और भूरी हैं। पिता का नाम भगवान दास और मां का नाम जयवंती है।
हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। चार लोग घायल हैं। उनका उपचार कराया जा रहा है। हादसे के कारण का पता लगाया जा रहा है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।– कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी, संभल।




