टिहरी में बड़ा हादसा : बस गहरी खाई में गिरी, पांच की मौत
मौके पर हड़कंप, SDRF और पुलिस की रेस्क्यू टीमों ने संभाला मोर्चा

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। नरेंद्रनगर के पास गुजरात के श्रद्धालुओं की बस हादसे का शिकार हो गई। पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बस में 29 यात्री सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही जिला नियंत्रण कक्ष टिहरी ने SDRF वाहिनी मुख्यालय को अवगत कराया। SDRF सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी के त्वरित निर्देशन में SDRF पोस्ट ढालवाला, पोस्ट कोटि कॉलोनी और वाहिनी मुख्यालय से कुल 5 रेस्क्यू टीमें तुरंत रवाना की गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद कई यात्री खाई में अलग-अलग जगहों पर छिटक गए थे, जिससे रेस्क्यू में काफी समय लगा। तेज ढलान और पहाड़ी इलाक़ा होने के कारण टीमों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।

स्थानीय लोग, पुलिस और SDRF ने मिलकर तेजी से राहत कार्य शुरू किया। SDRF द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो चुकी है। खाई में गिरे घायलों को रस्सियों, स्ट्रेचर और एडवांस रेस्क्यू उपकरणों की मदद से निकाला गया।
स्थानीय लोगों ने भी तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम ने बस से घायलों को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जिनमें चार पुरुष और एक महिला शामिल है। तीन घायलों को एम्स ऋषिकेश और चार घायलों को श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर में भर्ती कराया गया है। 17 लोग सामान्य है।
घायलों की स्थिति
CMO टिहरी डॉ. श्याम विजय ने बताया—
-
कुल 18 यात्री बस में सवार थे
-
5 की मौके पर मौत
-
13 यात्री घायल
-
इनमें से 3 गंभीर को AIIMS ऋषिकेश रेफर,
-
जबकि 10 घायलों का इलाज नरेंद्रनगर के सुमन अस्पताल में चल रहा है।
हादसे में घायल और मृतक श्रद्धालु गुजरात और दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम यात्रियों की पहचान व संपर्क जानकारी जुटा रही है।




