गौरीगंज। मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद उपचार के दौरान बुधवार को गौरीगंज के कौहार बलभद्रपुर निवासी कपिल (17) की मौत हो गई। इसके बाद परिजन वसूली और अभद्रता का आरोप लगाते हुए भड़क उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। माहौल बिगड़ने पर पुलिस ने परिजनों को समझाया और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की है।
कपिल के पिता काशी प्रसाद सरोज ने बताया कि हृदय रोग की समस्या के कारण शुक्रवार को बेटे को भर्ती कराया गया था। रविवार को ऑपरेशन से पहले 2.63 लाख रुपये जमा कराए गए, साथ ही आयुष्मान कार्ड से 2.50 लाख रुपये भी खर्च कराए गए। एक वाॅल्व बदलने की बात कही गई थी, लेकिन दो वाॅल्व बदले गए। आरोप है कि इलाज के नाम पर लगातार रुपये मांगे जाते रहे। बुधवार को कपिल के चाचा वेद प्रकाश से एक लाख रुपये और मांगे गए।
उन्होंने भुगतान से पहले मरीज को दिखाने की बात कही तो रोक दिया गया। वेद प्रकाश ने बताया कि जब वे अंदर पहुंचे तो कपिल की मौत हो चुकी थी। उनका कहना है कि मौत के बाद भी वेंटिलेटर पर रखकर रुपये वसूले जा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान सुरक्षा गार्डों ने उनसे अभद्रता की और धक्का-मुक्की भी की। हंगामे के बीच अस्पताल प्रबंधन करीब दो घंटे तक कपिल को जीवित बताता रहा, लेकिन पुलिस फोर्स के पहुंचने के बाद मौत की पुष्टि की गई। इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने किशोर की मौत स्वीकार कर ली है। मेमो के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। सीएमओ की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रो-रोकर बेहाल मां
कपिल की मौत के बाद मां रीता का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे को पुकारती मां की करुण पुकार सुनकर हर किसी की आंख भर आई। बहन कविता और भाई प्रिंस भी गम में टूटे हैं। पिता और अन्य परिजन सदमे में हैं, जबकि रिश्तेदार व ग्रामीण ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद भर्ती किशोर की बुधवार को मौत होने की जानकारी मिली है। पीड़ित परिवार ने अभी शिकायत नहीं दर्ज करवाई है। एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद, डॉ. प्रवीण कुमार उपाध्याय, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अभय गोयल और सर्जन डॉ. रमेश कुमार को शामिल करते हुए जांच टीम गठित कर रिपोर्ट मांगी है। उपचार में लापरवाही व परिजनों के आरोपों की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।
आरोप निराधार
संजय गांधी अस्पताल के सीओओ अवधेश शर्मा ने बताया कि कार्डियोलॉजी विभाग में कपिल का ऑपरेशन हुआ था। उसका उपचार चल रहा था। इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई। कपिल को स्वस्थ करने की पूरी कोशिश डॉक्टरों की टीम ने की। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोप गलत हैं।