उत्तरप्रदेशउत्तराखण्ड

उत्तर प्रदेश से आने वाले पोल्ट्री उत्पादों पर लगी रोक

देहरादून में बर्ड फ्लू अलर्ट, पोल्ट्री फार्म के सैंपल तीन दिन में जांच को भेजने के निर्देश

देहरादून। उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद देहरादून जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। रोकथाम के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित विभागों की बैठक कर सतर्कता बरतने और समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए। बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) पक्षियों में अत्यधिक संक्रामक बीमारी है, जो दुर्लभ मामलों में मनुष्यों को भी प्रभावित कर सकती है।

जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि जनपद के सभी 170 पोल्ट्री फार्म से तीन दिन के भीतर रैंडम सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाए और नियमित निगरानी रखी जाए। रैपिड रिस्पांस टीम को सक्रिय करने के साथ वन विभाग को तालाब, झील व नदियों के आसपास पक्षियों की निगरानी और मृत या बीमार पक्षियों की सूचना तत्काल पशु चिकित्सा विभाग को देने को कहा गया। फिलहाल जिले में बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है, इसलिए पोल्ट्री पर प्रतिबंध नहीं है।

जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को यूपी से लगी सीमाओं पर चेक पोस्ट स्थापित कर बाहर से आने वाले जिंदा मुर्गे, मुर्गा मांस और अंडों पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अनाधिकृत मीट की दुकानों को तत्काल सीज करने और एसडीएम, पशु चिकित्साधिकारी व नगर निकायों को पोल्ट्री फार्म एसोसिएशन व मुर्गा मांस व्यापारियों के साथ बैठक कर जागरूकता फैलाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय, सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार शर्मा, सीवीओ डॉ. एस.सी. जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button