देशधर्म-संस्कृति

झारखंड: सड़क हादसे में पांच कांवड़ियों की मौत, कई घायल, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

देवघर। झारखंड के देवघर में मंगलवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में पांच कावड़ियों की मौत हो गई। दरअसल कांवड़ियों को लेकर जा रहा वाहन एक अन्य वाहन से टकरा गया, जिससे पांच कांवड़ियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार को सुबह 4.30 बजे हुई, जब कांवड़ियों को ले जा रही बस मोहनपुर पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले जमुनिया फॉरेस्ट इलाके में गैस सिलेंडर ले जा रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में कई घायलों की गंभीर को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
दुमका जोन के इंस्पेक्टर जनरल शैलेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में पांच कांवड़ियों की मौत हुई है और कई घायल हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि हादसे में मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है क्योंकि हादसे में घायल कई लोगों की हालत गंभीर है। जिला प्रशासन ने नजदीकी सरकारी और अस्पतालों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। ट्रैफिक पुलिस एसपी लक्ष्मण प्रसाद ने दावा किया है कि मृतकों का आंकड़ा पांच से भी ज्यादा है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने तो हादसे में 18 कांवड़ियों की मौत का दावा किया है।

सांसद निशिकांत दुबे बोले 18 कांवड़ियों की मौत हुई
झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी हादसे पर ट्वीट किया है। निशिकांत दुबे ने हादसे में 18 कांवड़ियों की मौत का दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘मेरे लोकसभा के देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है । बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’ झारखंड के प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में इन दिनों श्रावणी मेले की वजह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। इस मंदिर में सावन के महीने में झारखंड के साथ ही बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button