अमेठी : ईडी के आरोप पत्र और जल निगम घोटाले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

अमेठी। गौरीगंज स्थित कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय में बुधवार को ईडी की ओर से राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ दाखिल किए गए आरोप पत्र और जल निगम में हुए कथित भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्र हुए। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए कलेक्ट्रेट की ओर ज्ञापन देने के लिए जुलूस निकाला। जुलूस जैसे ही कार्यालय गेट से निकलकर टांडा-बांदा हाईवे पर कुछ ही दूर पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान वहां पहले से तैनात पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की जिसके चलते पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिसकर्मियों को हल्का बल प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करना पड़ा। कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि केंद्र सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने जल निगम घोटाले की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।




