देशराजनीति

दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री होंगी रेखा गुप्ता

उपराज्यपाल के समक्ष रेखा ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, कल दोपहर लेंगी शपथ

दिल्ली। दिल्ली में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बना सस्पेंस खत्म हो गया है। रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुना गया है। कल यानि 20 फरवरी को दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता शपथ ग्रहण करेंगी। उपराज्यपाल वीके सक्सेना दोपहर 12.35 बजे नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे। पहले यह कार्यक्रम शाम 4.30 बजे के लिए प्रस्तावित था।

कौन हैं रेखा गुप्ता

रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे मौजूदा समय में दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। 50 वर्षीय रेखा का जन्म हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था। उनके पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी पद पर थे।

रेखा गुप्ता का कैसा रहा अब तक का राजनीतिक करियर?

पढ़ाई पूरी करने के बाद रेखा गुप्ता 2003-04 में भाजपा युवा मोर्चा की दिल्ली इकाई से जुड़ीं और यहां सचिव पद पर रहीं। इसके बाद 2004 से 2006 तक उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव के तौर पर जिम्मेदारी निभाई।
2007: उत्तर पीतमपुरा से पार्षद बनीं।
2007-09: एमसीडी में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की दो साल तक अध्यक्ष रहीं।
2009: दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव रहीं।
2010: भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य की जिम्मेदारी दी।
2012: उत्तरी पीतमपुरा वॉर्ड-54 से फिर बनीं पार्षद।

 

पढ़ाई-लिखाई के दौर में ही राजनीति से जुड़ीं
रेखा गुप्ता बचपन में पढ़ाई-लिखाई के दौरान ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन (आरएसएस) के स्टूडेंट विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ गई थीं। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह दौलत राम कॉलेज में सचिव का चुनाव जीतने में सफल रहीं। 1995-96 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव लड़ा और अध्यक्ष बनीं। रेखा ने इसके बाद एलएलबी तक की पढ़ाई पूरी की।

विधायक दल की बैठक के लिए भाजपा ने इन्हें सौंपी थी जिम्मेदारी

इससे पहले 19 फरवरी यानि बुधवार की दोपहर में भाजपा के संसदीय बोर्ड ने दिल्ली प्रदेश में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए। भाजपा ने रविशंकर प्रसाद, ओपी धनखड़ को पर्यवेक्षक बनाया था। इन्हीं की उपस्थित में शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई।

कई राज्यों के मुख्यमंत्री हो सकते हैं शामिल

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रहने की भी उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। चूंकि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मौजूद रहेंगे, इसलिए उनकी सुरक्षा में एसपीजी का घेरा मौजूद रहेगा।

बॉलीवुड से भी आ सकते हैं कई मेहमान

वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में नेताओं के अलावा बॉलीवुड के कुछ लोगों के शामिल होने की उम्मीद है, इसके अलावा वहां पर साधु-संतों को भी न्योता दिया गया है। कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी, अर्द्धसैनिक बलों और दिल्ली पुलिस का बहुस्तरीय घेरा मौजूद रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button