केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए 3 नवंबर को होंगे बंद

ऊखीमठ। श्री केदारनाथ धाम के कपाट तीन नवंबर को भैयादूज पर्व पर सुबह 8.30 बजे बंद होंगे। इसी दिन बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली रात्रि प्रवास के लिए रामपुर पहुंचेगी।

श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि इस वर्ष 10 मई को केदारनाथ धाम के कपाट खुले थे। अभी तक यहां 13 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए परंपरानुसार भैयादूज पर्व 3 नवंबर को सुबह 8.30 बजे बंद किए जाएंगे। बाबा केदार की पंचमुखी भोगमूर्ति चल विग्रह उत्सव डोली में विराजमान होकर धाम से अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए प्रस्थान करेगी और रात्रि प्रवास के लिए पहले पड़ाव पर रामपुर पहुंचेगी। चार नवंबर को बाबा केदार की डोली विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी में विश्राम करेगी। पांच नवंबर को डोली विश्वनाथ मंदिर से प्रस्थान करते हुए अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ बाबा केदार की भोगमूर्ति को गर्भगृह में विराजमान किया जाएगा। इसके बाद शीतकाल में बाबा केदार की पूजा-अर्चना यहीं पर होगी।




