उत्तरप्रदेश

अमेठी: दबंगों ने घर में घुसकर पुजारी और उसके परिवार पर किया जानलेवा हमला, हिरासत में एक आरोपी

दुर्गंन भवानी धाम स्थित शिव मंदिर के पुजारी की पत्नी व मां को भी बुरी तरह पीटा, मां ट्रामा सेंटर रेफर

अमेठी/गौरीगंज। रंजिश में दबंगों ने रविवार की देर रात एक पुजारी के घर हमला कर दिया। लाठी-डंडों व फायरिंग कर दबंगों ने पुजारी सहित परिवार के तीन लोगों को जख्मी कर दिया। वाहनों में तोड़फोड़ भी की। हमले में घायल पुजारी की मां को लखनऊ रेफर किया गया जबकि पुजारी व उसकी पत्नी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद व 10 अज्ञात पर केस दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।

गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के राघीपुर गांव स्थित शक्तिपीठ दुर्गंन भवानी धाम स्थित शिव मंदिर के पुजारी गोरखनाथ गिरी और गांव के ही विपुल सिंह में किसी बात को लेकर शनिवार को विवाद हो गया था। विवाद के बाद विपुल ने अपने साथियों के साथ गोरखनाथ की पिटाई कर दी थी। पुलिस ने मामले में गोरखनाथ की तहरीर पर केस भी दर्ज किया था लेकिन रविवार की देर रात दबंगों ने फिर से गोरखनाथ के घर धावा बोल दिया।

घर में घुसकर दबंगों ने लाठी डंडो और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान दबंगो ने कई राउंड गोलियां भी चलाईं। हमले में गोरखनाथ की बुजुर्ग मां राजकुमारी गोली से जख्मी हुई है, जबकि पुजारी गोरखनाथ गिरी, उनकी पत्नी माया देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पुजारी की मां की डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है।

गोरखनाथ और उनकी पत्नी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस को जांच में दो खोखा कारतूस मिले हैं। इस मामले में पुजारी ने विपुल सिंह, विक्रम सिंह, निर्भय सिंह, आकाश सिंह, शशांक सिंह समेत छह अज्ञात लोगों पर हमले का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने कहा कि 6 नामजद समेत 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। अभी एक व्यक्ति को हिरासत के लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button