किशोरी से छेड़खानी के विरोध में सड़क पर उतरे स्थानीय लोग
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने धामी सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

–क्षेत्र में तनाव के बाद पुलिस अधीक्षक सहित भारी फोर्स मौके पर तैनात
– पहाड़ों में लगातार ऐसी घटनाएं चिंताजनक
चमोली।उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर से एक शर्मशार करने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहां सैलून का काम करने वाले मुस्लिम युवक द्वारा नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। किशोरी से छेड़खानी के विरोध में स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने नगर में जुलूस निकालकर आरोपित सैलून संचालक सहित अन्य दुकानों में तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंक दिया। मौके पर तनाव के बाद पुलिस अधीक्षक सहित भारी फोर्स मौके पर तैनात हैं।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पिता ने बीती 31 अगस्त को नंदप्रयाग थाने में एक तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी के साथ 21 अगस्त को नंदानगर में सैलून की दुकान पर काम करने वाले विशेष समुदाय के युवक ने छेड़खानी की। उस दौरान वो (पिता) घर पर नहीं था। घटना के बाद से पीड़िता गुमसुम रहने लगी थी। कुछ दिनों बाद पिता घर आया तो बेटी ने पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता ने तहरीर दी जिसके तहत युवक के खिलाफ पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

उत्तराखंड में महिलाओं पर बढ़ते अपराध व अत्याचार के खिलाफ ब्लाक कांग्रेस कमेटी ने जुलूस प्रर्दशन कर मुख्यमंत्री धामी का पुतला दहन किया। कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष रवींद्र नेगी के नेतृत्व में बस स्टेशन से लेकर विनायकधार चौक तक प्रदर्शन करते हुए धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उधर, आक्रोशित लोगों का कहना है कि पहाड़ों में लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रही है। लोगों को अपने बच्चों की चिंता भी सताने लगी है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में भी अब बेटियां सुरक्षित नहीं है। लोगों ने पुलिस से आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि घटना के बाद से ही युवक फरार है।




