नई टिहरी के जखन्याली में बादल फटने से भारी तबाही, एक होटल बहा, तीन लोग लापता, दो के शव बरामद
आपदाग्रस्त क्षेत्र का CM धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण

रायपुर क्षेत्र में बहे दो लोग, एक का शव बरामद
बहादराबाद थाना क्षेत्र में मकान की छत गिरी, कई लोग दबे, दो बच्चों की मौत
नई टिहरी। जखन्याली के पास नौताड़ गदेरे में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इस प्राकृतिक आपदा में 5-6 गाड़ियां व एक होटल बाढ़ में बहने की सूचना है, और घनसाली-चिरबिटिया मोटरमार्ग को जोड़ने वाली पुलिया भी बह गई है।

घटना में 3 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिसमें अब तक 2 शव बरामद किए गए हैं। जिनमें होटल मालिक भानु प्रसाद (50 वर्ष), नीलम देवी पत्नी भानू प्रसाद (45 वर्ष), के शव बरामद कर लिए गए हैं और विपिन (28 वर्ष) पुत्र भानू प्रसाद घायल है। राहत कार्य तेजी से जारी है।
घायल बिपिन को सुरक्षित बचा लिया गया है। जिसे पिलखी अस्पताल ले जाया जा रहा है।

मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ, और अन्य प्रशासनिक टीमें पहुंच गई हैं। लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग भी सक्रिय हैं। घनसाली में फिलहाल बारिश रुक गई है, लेकिन क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद टिहरी के आपदाग्रस्त क्षेत्र जखन्याली का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्र में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनका ढ़ाढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं और शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में शासन-प्रशासन प्रभावितों के साथ खड़ा है। सरकार द्वारा प्रभावितों को हर संभव सहायता दी जायेगी। उन्होंने कहा कि सभी लोग इस समय एक दूसरे का सहयोगी बनकर कार्य करें।
रायपुर क्षेत्र में बहे दो लोग

कल रात थाना रायपुर को थाना रायपुर क्षेत्र अंतर्गत ऑर्डनेंस फैक्ट्री तथा शराब ठेके के मध्य सड़क किनारे नहर में दो व्यक्तियों के डूबने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा।
मौके पर पुलिस टीम को नहर से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जिसके पास से सुंदर सिंह नाम लिखा हुआ है। एसबीआई बैंक का एक एटीएम कार्ड मिला है। शेष पहचान संबंधी कोई दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए है। नहर में बहे दूसरे व्यक्ति की तलाश हेतु पुलिस तथा SDRF की टीमो द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
मौके पर पुलिस टीम को एक स्कूटी UK 07 AE 5154 खड़ी हुई मिली है, जो सम्भवः नहर में बहे व्यक्तियों की होना प्रतीत हो रही है, जिसके माध्यम से भी उक्त व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मृत व्यक्ति के शव को दून अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
बहादराबाद थाना क्षेत्र में मकान की छत गिरी, कई लोग दबे, दो बच्चों की मौत
हरिद्वार। जनपद के बहादराबाद थाना क्षेत्र के भारापुर भौंरी गांव के समीप डेरा बस्ती में एक मकान बारिश के कारण जमीदोज हो गया। जिसके चलते एक दर्जन के करीब लोग मलबे में दब गये।
वहीं सूचना पाकर मौके पर प्रशासनिक अमला पहुंच गया और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल दो बच्चो के मृत होने की सूचना है जबकि अन्य घायलों को निजी व सरकारी अस्पताल में एंबुलेंस के माध्यम से उपचार हेतू भिजवाया गया है। साथ ही अन्य परिजनों के लिए रहने, खाने की व्यवस्था के साथ ही अन्य जरूरी कार्य प्रशासनिक टीम द्वारा किये जा रहे है।




