आईटीबीपी इंस्पेक्टर चंद्र मोहन सिंह भारत-चीन सीमा पर हुए शहीद
आईटीबीपी निरीक्षक नेगी का पार्थिव शरीर लाया गया, श्रद्धांजलि देने आवास पर पहुंचे लोग

देहरादून। आईटीबीपी में निरीक्षक चन्द्र मोहन सिंह( 55) निवासी दुर्गा चौक भानियावाला, डोईवाला, देहरादून भारत-चीन सीमा पर पेट्रोलिंग के दौरान अपनी ड्यूटी निभाते हुए शहीद हो गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लाहौल स्पीति (हिमाचल प्रदेश) स्थित करग्युपा नाला के पास भारत-चीन सीमा पर पेट्रोलिंग के दौरान शहीद हुए आईटीबीपी निरीक्षक चंद्र मोहन सिंह की शहादत पर उन्हें नमन किया है।
निरीक्षक चन्द्र मोहन सिंह की शहादत की खबर के बाद आईटीबीपी के पूरे फॉर्मेशन्स में शोक की लहर दौड़ गई।निरीक्षक चन्द्र मोहन सिंह साथियों सहित गश्त के दौरान लाहौल स्पीति (हिमाचल प्रदेश) स्थित करग्युपा नाले के ऊपर बने अस्थाई पुल से नाला पार करते वक्त नाले में गिर गए, जिस कारण वीर गति को प्राप्त हो गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

आईटीबीपी निरीक्षक नेगी का पार्थिव शरीर लाया गया, श्रद्धांजलि देने आवास पर पहुंचे लोग
हिमाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा पर पेट्रोलिंग के दौरान बलिदान हुए चंद्रमोहन सिंह नेगी का पार्थिव शरीर उनके निवास स्थान दुर्गा चौक, जौलीग्रांट लाया गया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला और क्षेत्रवासियों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान भारत माता की जय और बलिदान के नाम के नारों से पूरा आसमान गुंजायमान रहा। आसपास और दूर दूर से काफी संख्या में लोग श्रद्धांजलि देने के लिए दुर्गा चौक जौलीग्रांट पहुंचे। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए बलिदानी का पार्थिव शरीर आईटीबीपी द्वारा हरिद्वार ले जाया गया।




