भाजपा सांसद ने पुलिस को पीटा !

कन्नौज: कन्नौज पुलिस से मारपीट करने के आरोप में एफआईआर दर्ज होने के बाद से भाजपा सांसद सुब्रत पाठक की ओर से पुलिस के खिलाफ लगातार आरोप का सिलसिला जारी है। उन्होंने रविवार को भी मीडिया के सामने आकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
कहा कि कार्यकर्ता के साथ मारपीट करने की सूचना पर मंडी समिति पुलिस चौकी पहुंचने पर दारोगा हाकिम सिंह ने मेरा कॉलर पकड़कर अभद्रता की थी। पहचानने से इंकार किया था। इस पूरे मामले को लोकसभा में उठाने की भी बात कही है। मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे प्रकरण की शिकायत करने की बात कही। एसपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सांसद सुब्रत पाठक ने रविवार को अपने कार्यालय पर मीडिया से रूबरू होकर कहा कि शुक्रवार की रात जानकारी मिली थी कि पार्टी के एक कार्यकर्ता को पुलिस ने उठाया है और उससे मारपीट रही है। उस मामले में पूछताछ के लिए मंडी पहुंचे थे। कहा कि उन्नाव के थाना औरास में करीब रात साढ़े आठ बजे एक मुकदमा लिखा गया।
मुकदमा लिखने से पहले ही पुलिस कन्नौज पहुंच गई थी। कहा कि बगैर मुकदमा दर्ज किए दूसरे जनपद से आकर पुलिस किसी को उठाकर लाती है। उस जनपद के एसपी और इंस्पेक्टर को जानकारी तक नहीं होती है। चौकी इंचार्ज टीम से मिलीभगत करके वहां से जाने देता है।



