उत्तराखण्ड

पैंसठ आशाओं को मिली बीपी मशीनें

सीएचसी का सीएमओ ने किया निरीक्षण
हरिद्वार (चंद्रशेखर जोशी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादराबाद में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद विप्रो एवं जॉलीग्रांट की टीम के सहयोग से सीएचसी बहादराबाद क्षेत्र में कार्यरत 65 आशा कार्यकर्ताओं को रक्तचाप जांचने के लिए बीपी मशीनें वितरित की गईं। मशीनें मिलने से आशा कार्यकर्ता अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लोगों के रक्तचाप की नियमित जांच कर सकेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च रक्तचाप के संभावित मरीजों की समय रहते पहचान करने में मदद मिलेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि बीपी मशीन उपलब्ध होने से आशा कार्यकर्ता लोगों के रक्तचाप की जांच कर सकेंगी तथा आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को समय से स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर करने में भी मदद मिलेगी। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तथा विप्रो एवं जॉलीग्रांट की टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button